भाटापारा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 92 किलो दूषित चमचम मिठाई कराई गई नष्ट
जानकारी के अनुसार, गुरु नानक वार्ड में एक स्थान पर खुले और बेहद अस्वच्छ माहौल में चमचम मिठाई का निर्माण किया जा रहा था।
भाटापारा। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिले में 7 दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान “बने खाबो-बने रहिबो 2.0” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भाटापारा के गुरु नानक वार्ड में कार्रवाई करते हुए अस्वच्छ और दूषित परिस्थितियों में तैयार की जा रही करीब 92 किलोग्राम चमचम मिठाई जब्त कर नष्ट कराई।
जानकारी के अनुसार, गुरु नानक वार्ड में एक स्थान पर खुले और बेहद अस्वच्छ माहौल में चमचम मिठाई का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर मिठाई के आसपास मक्खियां भिनभिना रही थीं और स्वच्छता के मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने संचालक से खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीयन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाई तैयार किए जाने को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से चमचम मिठाई के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। वहीं, जनस्वास्थ्य को संभावित खतरे को देखते हुए मौके पर मौजूद करीब 92 किलो मिठाई को जब्त कर नगर निगम की गाड़ी के माध्यम से नष्टीकरण की कार्रवाई कराई गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर मिठाई निर्माण का काम तत्काल बंद करा दिया है। संचालक को लिखित निर्देश जारी करते हुए आगामी आदेश तक किसी भी प्रकार का निर्माण अथवा व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं करने के लिए कहा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारों के साथ-साथ सामान्य दिनों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




