CG AD
AD
दुनिया

सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चों को मिलेगी 1 ग्राम सोने की अंगूठी, 15 सितंबर से शुरू होगी योजना

4.41 लाख बच्चों को अंगूठी देने का लक्ष्य

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के लिए एक खास योजना शुरू करने जा रही है। ‘थाईमामन थंगा मोथिरम’ योजना के तहत सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चों को 1 ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। सरकार ने इस योजना की तैयारियां पूरी कर ली हैं और इसे 15 सितंबर को आधिकारिक रूप से शुरू किया जाएगा।

योजना के तहत सरकार ने सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के लिए कुल 1,28,499 सोने की अंगूठियां तैयार कराने और उनकी आपूर्ति का वर्क ऑर्डर जारी किया है। इसके लिए जॉयलुक्कास और कल्याण ज्वैलर्स को जिम्मेदारी दी गई है। तय व्यवस्था के मुताबिक जॉयलुक्कास 70 प्रतिशत और कल्याण ज्वैलर्स 30 प्रतिशत अंगूठियों की आपूर्ति करेगा।

11 कंपनियों ने लिया था टेंडर में हिस्सा

इस योजना के लिए तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (TNMSC) ने 14 जुलाई को टेंडर जारी किया था। इसमें कुल 11 कंपनियों ने भाग लिया। जॉयलुक्कास ने सबसे कम बोली लगाई। कंपनी ने सोने की कीमत को छोड़कर मेकिंग चार्ज, बीमा, परिवहन, BIS हॉलमार्किंग और अन्य संबंधित खर्चों के लिए महज 0.01 रुपये की बोली लगाई थी।

टेंडर प्रक्रिया के तहत अन्य कंपनियों को भी सबसे कम बोली के बराबर दर पर काम स्वीकार करने का अवसर दिया गया। इसके बाद कल्याण ज्वैलर्स ने भी 0.01 रुपये की दर स्वीकार की। परिणामस्वरूप दोनों कंपनियों के बीच अंगूठियों की आपूर्ति का काम निर्धारित अनुपात में बांट दिया गया।

4.41 लाख बच्चों को अंगूठी देने का लक्ष्य

तमिलनाडु सरकार ने इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को कुल 4,41,667 एक ग्राम सोने की अंगूठियां वितरित करने का लक्ष्य रखा है। योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री सी.एन. अन्नादुरई की जयंती के अवसर पर 15 सितंबर को की जाएगी।

सरकार की यह पहल राज्य में चुनाव के दौरान किए गए प्रमुख वादों में शामिल थी। योजना के जरिए सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के परिवारों को सीधे लाभ पहुंचाने की तैयारी है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!