
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब मानसून की विदाई का दौर शुरू हो चुका है। प्रदेश में मौसम बदलने लगा है और हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब छत्तीसगढ़ से विदा लेने की स्थिति में है और आने वाले दिनों में इसका असर और कम होता जाएगा।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, बलौदाबाजार, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा समेत 10 जिलों में बारिश के आसार हैं। राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस बार मानसून छत्तीसगढ़ में सामान्य से अधिक सक्रिय रहा, जिसके चलते कई जिलों में भारी वर्षा दर्ज की गई। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर अगले 5 से 7 दिनों तक हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी नहीं होता है, तो मानसून की विदाई कुछ ही दिनों में पूरी तरह हो जाएगी।
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम में बदलाव के दौरान सावधानी बरतें और बिना आवश्यकता खुले स्थानों में न जाएं। अब आने वाले दिनों में प्रदेश में सुबह-शाम की ठंडक और बढ़ने की संभावना है।




