
रायपुर।
थाना धरसीवां क्षेत्र के ग्राम निनवां, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़) में परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जयंती के पावन अवसर पर रामेश्वरी (बाबा) जी के सान्निध्य में द्वि-दिवसीय भूगर्भ समाधि एवं मेला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 21 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर 22 दिसंबर 2025 को दोपहर 11 बजे तक संपन्न होगा।
कार्यक्रम से पूर्व 20 दिसंबर 2025 को दोपहर 2 बजे से ग्राम निनवां में भव्य सतनाम शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें डीजे व अखाड़ा आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन के दौरान सतनाम ग्रंथ का पाठ, समाधि दर्शन एवं विभिन्न धार्मिक प्रस्तुतियां होंगी। भक्तजनों के लिए मनोकामना ज्योति शुल्क 351 रुपये निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंथी व भजन मंडलियों द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 21 दिसंबर को सत के दीयना पंथी पार्टी खेरघट, राजू संगी चंगोराभाठा रायपुर, सत्य अमृतवाणी भजन पार्टी गोहगांव रायपुर तथा सतनाम चौका पार्टी नरेश कुर्रे, ग्राम निनवां द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं 22 दिसंबर को ज्ञान जागृति बालक एवं बालिका पंथी पार्टी मुड़पार द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि बाहर से आने वाले संतों व श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही पंथी व भजन पार्टी को भी सादर आमंत्रित किया गया है। रामेश्वरी बाबा द्वारा इलाज, गद्दी स्थापना एवं घर बंधन की व्यवस्था भी की जाएगी।

कार्यक्रम का आयोजन सतनाम समाज ग्राम पंचायत एवं समस्त ग्रामवासी निनवां के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजक समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।




