
रायपुर |
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गोगो पेपर (Rolling Paper) और हुक्का सामग्री के अवैध नेटवर्क का खुलासा किया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश एवं पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (IPS) के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि शहर के कई पान ठेले और दुकानों से गांजा सेवन में उपयोग होने वाले रोलिंग पेपर और चिलम खुलेआम बेचे जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान करीब 2 लाख रुपये मूल्य के रोलिंग पेपर जप्त किए गए, जिनका उपयोग गांजा सिगरेट बनाने में किया जाता है।

संयुक्त कार्रवाई के तहत COTPA एक्ट के उल्लंघन पर शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास अवैध सामग्री बेचने वाली 09 दुकानों को सील किया गया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने इस अवैध कारोबार की सप्लाई चेन का भी पता लगा लिया है। पूछताछ में कई थोक विक्रेताओं और सप्लायरों के नाम सामने आए हैं, जिन पर जल्द ही छापेमारी की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




