मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का नाम बदल दिया गया है। अब यह फिल्म ‘मातृभूमि: May War Rest in Peace’ के नाम से रिलीज की जाएगी।
फिल्म के मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर नए टाइटल की घोषणा करते हुए सलमान खान का दमदार नया पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें फिल्म की टैगलाइन “May War Rest in Peace” खास चर्चा में है।
इस टैगलाइन के जरिए युद्ध के बजाय शांति का संदेश देने की कोशिश की गई है। बताया जा रहा है कि गलवान घाटी की घटना से प्रेरित इस फिल्म के नाम को लेकर चीन की प्रतिक्रिया और विवाद के बाद मेकर्स ने टाइटल बदलने का फैसला लिया। सोशल मीडिया पर इस घोषणा के बाद फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है और कई लोग इस फैसले की सराहना कर रहे हैं।
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म के कुछ गाने और टीजर पहले ही रिलीज हो चुके हैं, जिन्हें दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, और अब फैंस को इसके रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।





