
तिल्दा नेवरा (रायपुर), 05 अप्रैल 2026 – विकासखंड तिल्दा नेवरा अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी में प्रस्तावित अग्रसेन स्टील एंड पावर प्लांट को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। 8 अप्रैल को प्रस्तावित जनसुनवाई से पहले ही ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है।

रविवार को गांव के सैकड़ों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और प्लांट स्थापना के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन पर प्लांट स्थापित किया जाना प्रस्तावित है, वह वर्षों से पशुओं के लिए चारागाह के रूप में उपयोग होती रही है। ऐसे में प्लांट लगने से पशुपालन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा, साथ ही पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस परियोजना का पूर्व में भी विरोध किया जा चुका है, जिसके बाद मामला शांत हो गया था। लेकिन अब दोबारा जनसुनवाई आयोजित किए जाने से लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी सहमति के बिना ही परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस परियोजना पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
अब सभी की निगाहें 8 अप्रैल को होने वाली जनसुनवाई पर टिकी हैं, जहां प्रशासन का रुख और आगे की दिशा स्पष्ट होगी।




