
तिल्दा-नेवरा।
सोमवार को तिल्दा में कांग्रेस ने विभिन्न स्थानीय मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बाईपास रोड निर्माण में देरी, शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और अवैध जुआ-सट्टा के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और जमकर नारेबाजी की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री टंकराम वर्मा के तिल्दा स्थित बंगले का घेराव किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा किए गए बाईपास रोड निर्माण के वादे को दो साल बाद भी पूरा नहीं किया गया है।
दीनदयाल चौक में सभा, नेताओं ने साधा निशाना
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर 12 बजे दीनदयाल चौक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए, जहां सभा का आयोजन किया गया। सभा को राजेंद्र पप्पू बंजारे, शैलेश नितिन त्रिवेदी, मोतीलाल हिंदुजा और लक्ष्मीनारायण वर्मा सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
नेताओं ने कहा कि शहर में अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैफिक पुलिस की कमी से स्थिति और गंभीर हो गई है।
नगरपालिका पर भ्रष्टाचार और अतिक्रमण के आरोप
कांग्रेस नेताओं ने नगरपालिका अध्यक्ष के पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में अतिक्रमण को बढ़ावा दिया जा रहा है और खाली जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है। साथ ही दबंगई और मनमानी का आरोप भी लगाया गया।
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू बंजारे ने कहा कि बाईपास रोड नहीं बनने के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने पालिका में भ्रष्टाचार और काम सिर्फ कागजों में होने का आरोप लगाया।
ऑनलाइन सट्टा और पुलिस पर भी आरोप
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि तिल्दा में पुलिस की मिलीभगत से खुलेआम ऑनलाइन सट्टा चल रहा है, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
तिल्दा के साथ भेदभाव का आरोप
कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि मंत्री द्वारा अन्य शहरों में बाईपास रोड बनाए जा रहे हैं, लेकिन तिल्दा के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने जनसुनवाई प्रक्रिया में गड़बड़ी, फर्जी एनओसी जारी करने और ग्रामीणों की जमीनों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।
रैली के दौरान पुलिस से झूमाझटकी
सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए मंत्री के बंगले पहुंचे। हालांकि, भारी पुलिस बल की तैनाती के कारण प्रदर्शनकारियों को अंदर जाने से रोक दिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजितेश शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू, ओम ठाकुर, राहुल तेजवानी, हर्षवर्धन शर्मा, नीरज राठी, नानक छाबड़िया, कृष्णमूर्ति देवदास टंडन, जगतु राम माडले, नवीन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्षद शामिल हुए।





