
तिल्दा-नेवरा। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते क्षेत्र के कोहका-रजिया नाला उफान पर आ गया। शुक्रवार रात नाला पार करने के प्रयास के दौरान एक युवक तेज पानी के बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार रायपुर निवासी एक युवक अपनी बहन के घर खुनमुड़ी जाने के लिए निकला था। इसी दौरान कोहका-रजिया नाले में बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था। युवक ने नाला पार करने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह अपना संतुलन खो बैठा और पानी में बह गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की। रात का अंधेरा और नाले में तेज बहाव के चलते तलाश अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों ने बारिश के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने तथा उफनते नाले को पार करने का प्रयास नहीं करने की अपील की है।
ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के मौसम में कोहका-रजिया नाले में पानी का बहाव काफी तेज हो जाता है, जिससे यहां से गुजरना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में जलस्तर बढ़ने के दौरान लोगों को नाले से दूरी बनाए रखने और प्रशासन द्वारा लगाए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।


