तिरुपति बालाजी से लेकर द्वादश ज्योतिर्लिंग की झांकियों ने मोहा मन, विभिन्न स्थानों पर भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन
नेवरा में विघ्नहर्ता की धूम, दर्शन और भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

तिल्दा – नेवरा। गणेशोत्सव के अवसर पर नेवरा शहर इन दिनों भक्ति और आस्था के रंग में रंगा हुआ है। शहर के अलग-अलग स्थानों पर आकर्षक गणेश झांकियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। शाम होते ही श्रद्धालु परिवार सहित झांकियों के दर्शन करने पहुंच रहे हैं और भगवान गणेश की आराधना के साथ भंडारे एवं प्रसाद का आनंद ले रहे हैं।
शहर में विकास मित्र मंडल द्वारा तिरुपति बालाजी की थीम पर तैयार की गई गणेश झांकी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बाहर से आए कलाकारों द्वारा तैयार की गई मनमोहक प्रस्तुति और झांकी की सजावट देखते ही बनती है। यहां बड़ी संख्या में भक्त पहुंचकर झांकी के दर्शन कर रहे हैं तथा प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
इसी तरह गांधी चौक नेवरा में भी गणेश उत्सव के तहत आकर्षक झांकी का प्रदर्शन किया गया है। यहां भी शाम के समय श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। वहीं श्याम मंदिर नेवरा में बच्चों द्वारा भगवान गणेश की मनमोहक प्रस्तुति दी जा रही है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
द्वादश शिवलिंग की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
शहर के वार्ड क्रमांक 10 में योगेश गांधी के निज निवास पर उज्जैन से आए कलाकारों द्वारा तैयार की गई द्वादश शिवलिंग की झांकी भी श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है। पिछले कई दिनों से यह झांकी लोगों के बीच चर्चा और आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
झांकी स्थल पर भक्तों के लिए भजन-कीर्तन के साथ भंडारे और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है। श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
गांधी परिवार की ओर से की गई इस धार्मिक एवं सामाजिक पहल का शहरवासियों द्वारा स्वागत किया जा रहा है। गणेशोत्सव के दौरान अलग-अलग स्थानों पर सजी झांकियों ने नेवरा के वातावरण को भक्तिमय बना दिया है। देर शाम तक श्रद्धालु शहर में घूम-घूमकर भगवान गणेश के दर्शन कर रहे हैं और उत्सव का आनंद उठा रहे हैं।


