क्राइमछत्तीसगढ़तिल्दा नेवरा

शराब के लिए पैसे मांगना पड़ा भारी, डंडे से मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

पैसे देने से मना करने पर दुकान संचालक से गाली-गलौज कर डंडे से की मारपीट

तिल्दा-नेवरा। सासाहोली क्षेत्र में दुकान संचालक से शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगने और पैसे देने से मना करने पर मारपीट करने के मामले में तिल्दा-नेवरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सासाहोली में गोपाल पेट्रोल पंप के पास प्रार्थी सूरज पात्रे डेली नीड्स की दुकान संचालित करता है। 23 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे आरोपी दुकान पर पहुंचे और शराब पीने के लिए दुकान संचालक से जबरन पैसे की मांग करने लगे।

दुकान संचालक ने पैसे देने से मना किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट कर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद प्रार्थी ने थाना तिल्दा-नेवरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 415/2026 के तहत धारा 296, 119(1), 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ एवं कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरूण कुमार यदु (22), पिता शिवलाल यदु, निवासी सासाहोली तथा छबी निषाद (22), पिता बल्लू निषाद, निवासी सासाहोली के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!