
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दोपहिया वाहन चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने रायगढ़ पहुंचे एक युवक के पास जब पैसे खत्म हो गए तो उसने अपने खर्च चलाने के लिए बाइक और स्कूटर चोरी करना शुरू कर दिया। आरोपी की पहचान ग्वालियर के मोरार निवासी निर्मल धाकड़ के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अलग-अलग स्थानों से एक के बाद एक पांच दोपहिया वाहन चोरी किए। इनमें चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटर शामिल हैं। चोरी किए गए वाहनों की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सभी पांच वाहन बरामद कर लिए हैं।
इग्निशन में चाबी लगी देख करता था चोरी
जांच में सामने आया कि आरोपी विशेष रूप से ऐसे दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था, जिनकी चाबी वाहन के इग्निशन में ही लगी रह जाती थी। मौका मिलते ही वह वाहन लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार चोरी की गई गाड़ी का पेट्रोल खत्म होने तक वह उसका इस्तेमाल करता था और इसके बाद दूसरे वाहन को निशाना बनाता था।
सीसीटीवी फुटेज से जुड़ी चोरी की कड़ियां
लगातार दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज की। अलग-अलग घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कई वारदातों में एक ही संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां सामने आ रही हैं।
24 सितंबर को एक और चोरी के प्रयास की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों को संदिग्ध की तस्वीर दिखाकर जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान संदिग्ध युवक पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में वायरलेस सेट के पास दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गर्लफ्रेंड से मिलने आया था रायगढ़
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 12 सितंबर को ग्वालियर से रायगढ़ अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने आया था। रायगढ़ पहुंचने के बाद उसके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए। इसके बाद अपने खर्च पूरे करने के लिए उसने दोपहिया वाहन चोरी करना शुरू कर दिया।
पुलिस की पूछताछ और आरोपी की निशानदेही के आधार पर चोरी किए गए पांच वाहन बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन खड़ा करते समय उसकी चाबी इग्निशन में लगी न छोड़ें। वाहन को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और लॉक का इस्तेमाल जरूर करें, ताकि इस तरह की चोरी की घटनाओं को रोका जा सके।




