स्कूटर पर ले जाई जा रही 46 किलो चांदी जब्त, सराफा बाजार से जुड़ाव का शक

इंदौर |
इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को विशेष कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के ले जाई जा रही करीब 46 किलो चांदी जब्त की है। यह चांदी एक स्कूटर पर रखकर सराफा बाजार की ओर ले जाई जा रही थी, तभी संदिग्ध गतिविधि के चलते पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान पुलिस को स्कूटर से भारी मात्रा में चांदी की सिल्लियां बरामद हुईं। जब्त चांदी की अनुमानित बाजार कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। मौके पर मौजूद दोनों युवकों से जब चांदी के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने चांदी और स्कूटर को जब्त कर दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि मामला सराफा मार्केट में अवैध कारोबार से जुड़ा हो सकता है। पूछताछ के दौरान एक सराफा ज्वेलर का नाम भी सामने आया है, जिससे जांच और गहराने की संभावना है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी कहां से लाई गई और इसका असली स्रोत क्या है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह मामला टैक्स चोरी या अवैध लेन-देन से तो जुड़ा नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए GST और आयकर विभाग को भी सूचित कर दिया गया है।



