
आरंग (छत्तीसगढ़)।
आरंग विकासखंड की ग्राम पंचायत गुजरा में सरपंच बिंदू बंजारे के खिलाफ उपसरपंच और पंचों ने भ्रष्टाचार एवं प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है। पंचायत में पारदर्शिता न होने और नियमों की अनदेखी के आरोप लगाते हुए उपसरपंच सहित पंचों ने एसडीएम आरंग को ज्ञापन सौंपकर सरपंच के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की है।
पंचों का आरोप है कि पंचायत में कई कार्य बिना कराए ही भुगतान कर दिया गया। उदाहरण के तौर पर पानी टैंकर के नाम पर ₹40 हजार से अधिक की राशि निकाले जाने और पुरानी मोटर को नया बताकर भुगतान किए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
इसके साथ ही सरपंच की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। पंचों ने शिकायत में बताया कि सरपंच के भाई द्वारा पंचायत की आधिकारिक बैठकों में हस्तक्षेप किया जाता है और कई बार पंचों से कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए, जिसका दुरुपयोग होने की आशंका जताई गई है।
उपसरपंच और पंचों ने पंचायत की पासबुक व वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जब रिकॉर्ड देखने की मांग की गई, तो उन्हें दिखाने से इंकार कर दिया गया, जिससे संदेह और गहरा गया है।
मामले में प्रशासन ने ज्ञापन स्वीकार कर लिया है। एसडीएम अभिलाषा पैकरा ने पंचायती राज अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगामी दिनों में विशेष पंचायत बैठक बुलाने और नियमानुसार जांच एवं अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग की प्रक्रिया कराने के संकेत दिए हैं।
अब सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई और पंचायत में होने वाली विशेष बैठक पर टिकी हुई हैं, जहां सरपंच की कुर्सी का फैसला हो सकता है।





