
धमतरी | विशेष रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों पर धौंस जमा रहा था। आरोपी अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो पर “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” का बोर्ड लगाकर घूमता था और खुद को सीआईडी अधिकारी बताता था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर असामाजिक तत्वों की सतत निगरानी के दौरान 21 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक संदिग्ध वाहन खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में वाहन की जांच की।
जांच में सामने आया कि आरोपी का नाम टिकेश्वर नरेटी (28 वर्ष) है, जो ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर का निवासी है। वाहन के डैशबोर्ड पर संगठन का लोगो और “VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA” लिखी प्लेट लगी मिली।
तलाशी के दौरान उसके पास से “CRIME INVESTIGATION DEPARTMENT” और “CRIME INVESTIGATION DETECTIVE” अंकित दो फर्जी आईडी कार्ड बरामद किए गए, जिनमें वह खुद को “National Officer” दर्शा रहा था।
पूछताछ में आरोपी कोई वैध नियुक्ति पत्र या अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने स्वीकार किया कि सितंबर 2025 में कथित व्यक्तियों के माध्यम से फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे और ऑनलाइन भुगतान कर उनकी वैधता बढ़ाता रहा। इन कार्डों और बोर्ड का उपयोग वह टोल टैक्स से बचने और विभिन्न स्थानों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 फर्जी आईडी कार्ड, 01 फर्जी बोर्ड, 01 महिंद्रा स्कॉर्पियो (CG 05 AU 6136), 01 iPhone 11 Pro (जियो सिम सहित) और 01 सैमसंग M12 (जियो एवं बीएसएनएल सिम सहित) जब्त किए हैं।
आरोपी द्वारा फर्जी पहचान के माध्यम से स्वयं को सरकारी/जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर आमजन को भ्रमित करने और अवैध लाभ लेने का प्रयास पाए जाने पर 21 फरवरी की रात 10 बजे उसे गिरफ्तार किया गया। थाना सिटी कोतवाली धमतरी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




