जांजगीर-चांपा: मुलाकात के बहाने बुलाकर युवक को जलाने की कोशिश, तालाब में कूदकर बचाई जान

जांजगीर-चांपा।
जिले के ग्राम कटओत में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक को कथित तौर पर उसकी प्रेमिका के भाई ने पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। युवक ने किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए पास के तालाब में छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला जांजगीर-चांपा जिले के कटओत गांव का है।
मुलाकात के लिए बुलाया था गांव
जानकारी के अनुसार, कनकी (थाना उरगा, कोरबा) निवासी 21 वर्षीय विशु सारथी का कटओत की रहने वाली 19 वर्षीय युवती से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती ने रविवार शाम करीब 5 बजे विशु को गांव मिलने के लिए बुलाया था।
युवक जब तय स्थान पर पहुंचा, तो वहां युवती के बजाय उसका भाई मौजूद था। आरोप है कि दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद युवती के भाई ने युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की।
तालाब में कूदकर बचाई जान
घटना के दौरान युवक के कपड़ों में आग लग गई। जान बचाने के लिए वह पास के तालाब की ओर भागा और पानी में कूद गया, जिससे आग बुझ सकी। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि युवक का शरीर आंशिक रूप से झुलस गया है और उसका उपचार जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध और पारिवारिक विरोध की बात सामने आ रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इलाके में चर्चा का माहौल
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।




