CG AD
क्राइममध्य प्रदेश

पति से रिश्ते सुधारने तंत्र-मंत्र कराने पहुंची पत्नी, तांत्रिक के साथ ही घर छोड़कर हुई फरार

तंत्र-मंत्र के बहाने नजदीकियां बढ़ीं, फिर तांत्रिक के साथ लापता हुई पत्नी

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बाणगंगा थाना क्षेत्र से लापता हुई एक महिला को पुलिस ने भोपाल से सुरक्षित बरामद कर लिया है। महिला के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया था, क्योंकि वह घर से सोने-चांदी के जेवर और नगदी रकम लेकर निकली थी। परिजनों की शिकायत पर बाणगंगा थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की।

जांच के दौरान सामने आया कि महिला एक तांत्रिक युवक के साथ फरार हुई थी। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी रुबीना मिजबानी ने बताया कि महिला के लापता होने के बाद पुलिस ने सबसे पहले पति और परिजनों के बयान दर्ज किए, लेकिन पूछताछ में बयानों में कई विरोधाभास सामने आए, जिससे पुलिस को शक हुआ।

इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई और महिला की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई। तकनीकी जांच में महिला की अंतिम लोकेशन भोपाल में मिली, जिसके आधार पर इंदौर पुलिस की टीम ने तुरंत भोपाल पहुंचकर महिला को दस्तयाब कर लिया। महिला के पास से कुछ सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं, जिसके बाद उसे इंदौर लाकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह लंबे समय से अपने पति से परेशान थी और घरेलू तनाव से जूझ रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान राकेश जाटव नामक युवक से हुई, जो तांत्रिक क्रियाएं और पूजा-पाठ कराने का काम करता था।

महिला के अनुसार घरेलू परेशानियों के चलते पूजा-पाठ के दौरान बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं, जिसके बाद उसने घर छोड़कर उसके साथ जाने का फैसला किया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि राकेश जाटव तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर लोगों को प्रभावित करता था और इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं महिला को बहला-फुसलाकर या मानसिक रूप से प्रभावित कर तो नहीं ले जाया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, महिला के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं और बरामद जेवर व नगदी को लेकर भी पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!