
रायपुर।
रायपुर कमिश्नरेट की एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सूखे नशे के अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में 24 घंटे के भीतर कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 60 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना उरला, कोतवाली और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। गिरफ्तार आरोपियों में थाना कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गिरोह के दो सदस्य भी शामिल हैं, जिनके कब्जे से लगभग 4 किलो गांजा बरामद हुआ है।
उरला में किराए के मकान से चल रहा था नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर रायपुर के उरला क्षेत्र स्थित किराए के मकान में डंप करते थे। यहीं से सोनभद्र, आगरा, नोएडा और उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों सहित विभिन्न राज्यों में सप्लाई की जा रही थी। आरोपी पिछले एक माह से उरला में रहकर सुनियोजित तरीके से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे। गांजा परिवहन के लिए रेल मार्ग का उपयोग किया जा रहा था।
प्रकरण 1: थाना उरला
8 फरवरी 2026 को सूचना के आधार पर बेन्द्री रोड स्थित नउवा तालाब के पास से दो आरोपियों—संदीप केसरवानी और राजेश यादव—को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में किराए के मकान में और गांजा छिपाकर रखने की जानकारी मिली। रेड के दौरान दो महिलाओं सहित कुल 7 लोगों को पकड़ा गया तथा 40.446 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 20.22 लाख रुपये) जब्त किया गया। सभी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रकरण 2: थाना सिविल लाइन
खजाना चौक के पास निर्माणाधीन भवन से शाहरुख खान और राहुल कुशवाह (निवासी आगरा) को 5.699 किलोग्राम गांजा एवं मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।
प्रकरण 3: थाना कोतवाली
ओसीएम चौक के पास ऋषभ तांडी उर्फ रिक्की तांडी और सौरभ तांडी को लगभग 4 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
आगे की कार्रवाई
पुलिस द्वारा फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ जारी है। सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और प्रकरण में एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी। मकान मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।




