रायपुर: मल्टीलेवल पार्किंग में 36.50 लाख का गबन, दोस्त ही निकला मास्टरमाइंड, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर।
राजधानी में लाखों रुपये के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी कार से 36 लाख 50 हजार रुपये गायब होने की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली है।

मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि प्रार्थी का करीबी मित्र ही इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला।
क्या है पूरा मामला
प्रार्थी ज्ञानप्रकाश पांडे, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पिरदा, ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 फरवरी 2026 को उन्होंने ग्राम पिरदा स्थित भूमि को 36,50,000 रुपये में खरीदने का सौदा किया था। टोकन राशि देने के लिए वे अपने मित्र नितिन सोनी के साथ कार क्रमांक CG 17 RJ 1911 से रजिस्ट्री ऑफिस, कलेक्ट्रेट परिसर रायपुर पहुंचे और महतारी चौक स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में कार खड़ी की।

प्रार्थी कार की चाबी अपने मित्र नितिन सोनी को सौंपकर रजिस्ट्री कार्यालय चले गए। कुछ समय बाद नितिन ने फोन कर बताया कि कार में रखे सफेद कपड़े के थैले में मौजूद 36,50,000 रुपये चोरी हो गए हैं।
संदेह होने पर प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई। इस पर अपराध क्रमांक 94/26 धारा 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना को गंभीरता से लेते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में कार के पास एक संदिग्ध स्कूटी सवार की गतिविधि सामने आई।
नितिन सोनी से पूछताछ के दौरान उसके बयान में लगातार विरोधाभास पाए गए। तकनीकी विश्लेषण और सीन रिक्रिएशन के बाद पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें नितिन ने अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर रकम गबन करने की बात कबूल कर ली।
कर्ज में डूबा था आरोपी
पूछताछ में सामने आया कि नितिन सोनी भारी कर्ज में डूबा हुआ था। उसने अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर रकम हड़पने की साजिश रची। योजना के तहत प्रार्थी को रजिस्ट्री कार्यालय भेजकर दोनों ने कार से 36.50 लाख रुपये निकाल लिए।
नितिन ने इस काम के लिए तनवीर को 2 लाख रुपये देने का वादा किया था।
पूरी रकम बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गबन की संपूर्ण राशि 36,50,000 रुपये बरामद कर ली है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी
- नितिन कुमार सोनी (32 वर्ष), निवासी विधानसभा क्षेत्र रायपुर
- तनवीर आलम (28 वर्ष), निवासी रावाभांठा ट्रांसपोर्ट नगर, रायपुर
कुछ ही घंटों में खुलासा
रायपुर पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस की त्वरित और तकनीकी जांच से बड़ी आर्थिक वारदात का पर्दाफाश संभव हो सका।




