
बालोद।
बालोद जिले में होली पर्व से ठीक पहले नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के रजहि डैम के पास की बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को पीड़िता अपने एक नाबालिग परिचित के साथ बाइक से रजहि डैम घूमने गई थी। आरोप है कि डैम के पास पहुंचने पर मुख्य आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान रजहि गांव के दो अन्य युवक मौके पर पहुंचे और घटना का वीडियो बनाते हुए पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रारंभिक जांच और पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। मेडिकल परीक्षण सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पीड़िता को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई है तथा काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।




