
दुर्ग।
जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने अड्डेबाजी एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में 4 अप्रैल 2026 की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 46 चिन्हित स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने उन जगहों को चिन्हित किया, जहां युवक समूह बनाकर अड्डेबाजी करते हुए नशा सेवन, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना तथा धारदार हथियार लेकर घूमकर आम लोगों में भय का माहौल बना रहे थे। ऐसे व्यक्तियों की जांच कर उन्हें कड़ी समझाइश दी गई और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई।

पुलिस ने खुले में शराब सेवन करने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की। थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
क्षेत्रवार आबकारी एक्ट 36(च) के तहत कार्रवाई:
- धमधा – 10
- पुलगांव – 08
- पद्मनाभपुर – 07
- जामुल – 05
- दुर्ग – 04
- नेवई – 03
- अंडा – 03
- भिलाई नगर – 02
- पुरानी भिलाई – 02
- खुर्सीपार – 02
इस अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों, पेट्रोलिंग टीमों और विशेष टीमों की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अड्डेबाजी, नशा सेवन और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





