
रायगढ़:
जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां लिव-इन में रह रहे युवक ने अपनी महिला साथी की मंगलसूत्र से गला घोंटकर हत्या कर दी। कोतरारोड़ पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिंदल अस्पताल पतरापाली से धनेश्वरी विश्वकर्मा की आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिलने पर थाना कोतरारोड़ में मर्ग कायम कर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। शुरुआत में मामला सामान्य मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदल दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण गले पर दबाव से दम घुटना बताया, जिसे तकनीकी रूप से ‘होमिसाइडल’ यानी हत्या माना गया। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतका और आरोपी पिछले चार वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।





