
रायपुर। कांग्रेस सेवादल के संस्थापक डॉ. एन. एस. हार्डीकर की पुण्यतिथि पर 26 अगस्त 2026 को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन, शंकर नगर रायपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. हार्डीकर के छायाचित्र पर सूत की माला अर्पित कर पुष्पांजलि दी और उनके योगदान एवं बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं सेवादल के कार्यकर्ताओं ने “हार्डीकर जी अमर रहें” के नारे के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव एवं संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला सहित कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अरुण ताम्रकार, महामंत्री मनोज वर्मा, सचिव मनोज सोनकर, अनिल मित्तल, मुकेश कुकरेजा, विक्रम सिंहदेव, रवि शर्मा, मोहन, अजय ठाकुर सहित सेवादल के साथी उपस्थित रहे।
वृद्धाश्रम में फल वितरण कर साझा किया अपनापन
प्रदेश मीडिया प्रभारी छत्तीसगढ़ कांग्रेस सेवादल मनहरण लाल वर्मा ने बताया कि पुष्पांजलि कार्यक्रम के पश्चात सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अरुण ताम्रकार के नेतृत्व में सेवादल के कार्यकर्ता श्याम नगर, रायपुर स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां वृद्धजनों को फल वितरित किए गए और उनके कुशलक्षेम की जानकारी लेते हुए उनके साथ समय बिताया गया।
इस दौरान सेवादल कार्यकर्ताओं ने वृद्धजनों के साथ अपनापन साझा करते हुए कहा कि जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सेवा करना सेवादल का प्रमुख उद्देश्य और प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सेवा का यह कार्य निरंतर जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस सेवादल ने डॉ. एन. एस. हार्डीकर के सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विचारों को याद करते हुए समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।




