
रायपुर।
खरोरा क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। जिस मौत को पहले सड़क हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल सुनियोजित साजिश निकली। ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास सड़क किनारे मिले युवक के शव ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
शनिवार को थाना खरोरा में भागवत सारथी ने सूचना दी कि उसके छोटे भाई किशोर का शव संदिग्ध हालात में सड़क किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। परिजनों ने शुरुआत से ही हत्या की आशंका जताई और बताया कि शव को घसीटकर फेंके जाने के संकेत मिल रहे थे। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पत्नी का लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नामक युवक से प्रेम संबंध था। पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ रही थीं। जब किशोर को इस संबंध की जानकारी हुई तो पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा। इसी के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
शुक्रवार रात करीब 9 बजे पत्नी ने बहन को लाने के बहाने किशोर को ग्राम बिठिया भेजा। इसी दौरान खरोरा-रायपुर मार्ग पर पहले से घात लगाए आरोपियों ने थार वाहन से किशोर की बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सघन जांच में पूरी साजिश उजागर हो गई।
मामले में षड्यंत्रपूर्वक हत्या का अपराध दर्ज कर मृतक की पत्नी सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त थार वाहन जब्त कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




