
धमतरी | जिले में होली का पर्व कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पूरे जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। इसके तहत सभी थाना क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पिकेट की स्थापना और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
त्योहार के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही। पुलिस अधिकारी और जवान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रहे, जिससे जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और कहीं भी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

होली के दौरान आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों से शहर के विभिन्न हिस्सों पर निगरानी रखी गई। वहीं पुलिस अधीक्षक द्वारा कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग की जाती रही और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे।

होली से पहले धमतरी पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करते हुए करीब 35 गुंडा और निगरानी बदमाशों की परेड कराई तथा उन्हें अच्छे आचरण बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके अलावा 60 से अधिक गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

जिले के सभी अनुभागों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया, जिसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना था। पुलिस द्वारा त्योहार के दौरान लगातार पेट्रोलिंग करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई।

धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और भविष्य में भी इसी तरह प्रभावी रणनीति के साथ कार्य करती रहेगी।





