
दंतेवाड़ा:
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में महाराष्ट्र के राजकीय पशु ‘शेकरू’ (बड़ी गिलहरी) के शिकार का मामला सामने आया है। एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर 9 दुर्लभ गिलहरियों का शिकार किया और उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बारसूर थाना क्षेत्र की है। आरोपी की पहचान बंशी राम कवासी के रूप में हुई है, जो बारसूर इलाके का निवासी है। युवक ने शिकार के बाद हिड़मा के गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी, जो वन विभाग तक पहुंच गई।
मामले की जानकारी मिलते ही डीएफओ रंगनाथा रामाकृष्णा वाय के निर्देश पर दंतेवाड़ा रेंजर डॉ. प्रीतेश पांडेय और गीदम रेंजर ज्योत्सना पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने इंस्टाग्राम आईडी के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर अबूझमाड़ क्षेत्र के एक गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ जंगल गया था, जहां पहले पेड़ों और जमीन पर खाने का सामान रखकर शेकरू को इकट्ठा किया गया। जैसे ही गिलहरियां खाने पहुंचीं, आरोपियों ने गुलेल से हमला कर 9 शेकरू का शिकार कर लिया। इसके बाद सभी को घर लाकर रील बनाई और बाद में उन्हें पकाकर खा लिया।

आरोपी ने यह भी बताया कि इस शिकार में उसके अलावा 10 अन्य लोग भी शामिल थे, जिनकी पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब इस दुर्लभ प्रजाति का शिकार किया गया हो। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





