
रायपुर। राजधानी रायपुर के मेकाहारा अस्पताल (भीमराव अंबेडकर अस्पताल) में दिनदहाड़े मोबाइल चोरी और महिला को धमकी देने का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला ज्योति का मोबाइल अस्पताल परिसर में एक व्यक्ति ने चोरी कर लिया था। मोबाइल चोरी होने का पता चलने के बाद जब महिला ने आरोपी से अपना मोबाइल वापस मांगा तो आरोप है कि उसने महिला को धमकी दी। इस घटना से डरकर महिला वहां से चली गई।

इसके बाद महिला ने हिम्मत दिखाते हुए अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान कराई। महिला ने 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया और पुलिस को CCTV फुटेज दिखाते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले भी अस्पताल परिसर में इस तरह की किसी अन्य वारदात को अंजाम दिया है या नहीं। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी।

पहले भी सामने आती रही हैं ऐसी घटनाएं
मेकाहारा अस्पताल में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अस्पताल परिसर में चोरी और मोबाइल गुम होने जैसी कई घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में एक बार फिर दिनदहाड़े मोबाइल चोरी और उसके बाद महिला को धमकी दिए जाने की घटना ने पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर अस्पताल जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक कब लगेगी? मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा के लिए अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है।




