
तिल्दा-नेवरा (रायपुर):
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन निश्चय” के तहत की गई, जिसके माध्यम से क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगातार अंकुश लगाया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जागेश्वर पारधी (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम जलसो थाना तिल्दा-नेवरा, को बैकुंठ रेलवे अंडरब्रिज के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी अपने पास एक नीले-सफेद रंग के बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए जा रहा था।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 181/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी ने किया। टीम में प्रधान आरक्षक जालम साहू, आरक्षक महेंद्र वर्मा और आरक्षक संदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन निश्चय” के तहत अवैध नशे और शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




