
तिल्दा नेवरा। तिल्दा नेवरा पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से ईंटों के भंडारण के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अलदा निवासी एक व्यक्ति के कब्जे से लगभग एक लाख ईंट जप्त की हैं। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध ईंट भंडारण एवं संबंधित नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा ग्राम अलदा में संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान मौके पर बड़ी मात्रा में ईंटों का अवैध भंडारण पाया गया।
जांच में ग्राम अलदा निवासी लखन लाल वर्मा पिता स्वर्गीय बुधराम वर्मा, उम्र 44 वर्ष, द्वारा ईंटों का भंडारण किया जाना सामने आया। अधिकारियों द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर संयुक्त टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लगभग 01 लाख ईंट जप्त कर ली।
प्रकरण में राजस्व विभाग द्वारा पृथक से विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अवैध उत्खनन, भंडारण और राजस्व नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




