
धमतरी। सपना पिंक सिटी रोड स्थित एक किराए के मकान में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) के जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जागेश्वर प्रसाद ठाकुर (37) के रूप में हुई है, जो CAF की 10वीं बटालियन की F कंपनी में सूरजपुर में पदस्थ था और वर्तमान में रायपुर सिविल लाइन क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात था।
जानकारी के अनुसार, जवान हाल ही में पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटकर 5 दिनों के ब्रेक रेस्ट पर अपने घर आया हुआ था। इसी दौरान घरेलू विवाद की स्थिति सामने आई। बताया जा रहा है कि शराब पीने को लेकर पत्नी से उसका विवाद हुआ, जिसके बाद पत्नी नाराज होकर अपने रिश्तेदार के घर चली गई थी। इस बात की जानकारी उसने अपने देवर को भी दी थी।
घटना वाले दिन जब जवान का भाई उसके घर पहुंचा तो अंदर का दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया। जवान फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।



