छत्तीसगढ़रायपुर

तिल्दा-नेवरा में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव सम्पन्न, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने विद्यार्थियों का किया स्वागत

तिल्दा-नेवरा। विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन सोमवार को उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, गुलाल, पुष्पहार और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, स्कूल बैग एवं पानी की बोतल वितरित की गई। वहीं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा किट और सहायक उपकरण भी अतिथियों के हाथों प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में विकासखंड के कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों की 32 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई, जिससे उनकी शिक्षा यात्रा और अधिक सुगम हो सके।

अपने संबोधन में जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे ने शिक्षकों से बच्चों के प्रति अभिभावक जैसा व्यवहार रखते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि शासन की विभिन्न शिक्षा योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंच रहा है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।

मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं बल्कि जीवन में संस्कार, अनुशासन और मर्यादा स्थापित करने का आधार है। उन्होंने एक प्रेरणादायक उदाहरण के माध्यम से बताया कि दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि नई शिक्षा नीति में आधुनिक तकनीक के साथ भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को भी विशेष महत्व दिया गया है। विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के साथ भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” के संदेश को अपनाने की प्रेरणा दी तथा तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के सभी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती के पूजन, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत जिला शिक्षा अधिकारी सतीश नायर, जिला समन्वयक अरुण शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा, विकासखंड समन्वयक देवेंद्र ठाकुर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीकेश्वर जाहिरे, प्राचार्य डॉ. राजेश चदानी, डॉ. सुभाषचंद्र शर्मा, ईशा रानी खलको, सहित अन्य अधिकारियों एवं प्राचार्यों ने किया।

इस अवसर पर जे.बी. इंटरनेशनल स्कूल, केरल पब्लिक स्कूल, कार्मेल पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट एवं पुष्पवर्षा कर अतिथियों का स्वागत किया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया।

राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कार्यक्रम के दौरान उल्लास साक्षरता अभियान के अंतर्गत उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं नागरिकों को पूर्ण साक्षरता का संकल्प दिलाते हुए उल्लास शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा, शैल साहू, दुलारी सुरेंद्र वर्मा, अनिल अग्रवाल, राम पंजवानी, मनोज निषाद, नरसिंह वर्मा, सुरेश वर्मा, डॉ. लक्ष्मण साहू, शिक्षा सभापति नरेंद्र शर्मा, सौरभ जैन, अनुराधा वर्मा, राजकुमार गेंडरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा ने दिया। आभार प्रदर्शन सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीकेश्वर जाहिरे ने किया, जबकि मंच संचालन नरोत्तम ध्रुव एवं ऋषि कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

Mr. Prakash Joshi

प्रकाश जोशी पिछले 6 सालों से RVKD News चला रहे हैं और इसी नाम से यूट्यूब चैनल भी संचालित कर रहे हैं। इसके माध्यम से लगातार जनता की समस्याएँ प्रशासन तक पहुँचा रहे हैं और शासन की योजनाएँ जनता तक पहुँचा रहे हैं। 📍 तिल्दा-नेवरा, रायपुर (छत्तीसगढ़) 📞 मोबाइल: 8770564196

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!