
दुर्ग।
थाना कोतवाली पुलिस ने गया नगर इलाके में चल रहे अवैध जुए के फड़ पर देर रात बड़ी कार्यवाही करते हुए 39 जुआरियों को मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा, जिसके दौरान वहां मौजूद सभी आरोपी रंगे हाथों पकड़े गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फड़ से 9 लाख 25 हजार रुपये नकद, 43 मोबाइल फोन, ताश की गड्डियां और अन्य जुआ सामग्री जब्त की। बताया जा रहा है कि यह जुआ फड़ लंबे समय से सक्रिय था, जिसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम बनाकर छापेमारी की योजना तैयार की थी।

थाना कोतवाली प्रभारी के अनुसार अवैध गतिविधियों पर सख्ती से निगरानी रखी जा रही है। शहर में जुआ, सट्टा और अन्य अपराधों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




