
तिल्दा-नेवरा।
बलौदा बाजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री टंक राम वर्मा के प्रयासों से तिल्दा विकासखंड को जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से 3 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात मिली है। इस राशि से विकासखंड के 26 विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें नए स्कूल भवन, अतिरिक्त कक्ष, आंगनबाड़ी भवन, सड़क निर्माण, सीसी रोड, प्रवेश मार्ग और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
मंत्री टंक राम वर्मा ने विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से प्राप्त मांगों को प्राथमिकता देते हुए DMF के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कराया। इसका परिणाम यह रहा कि ग्राम परसदा जोता में शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के नए भवन की मांग उठने के लगभग 15 दिनों के भीतर 20 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई। ग्रामीणों ने मंत्री के त्वरित निर्णय और संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत जर्जर स्कूल भवनों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण, अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था और आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण में शिक्षा मिल सके।
स्वीकृत कार्यों के तहत गुरुसुदा और परसदा जोता में 20-20 लाख रुपये की लागत से शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के नए भवन बनाए जाएंगे। वहीं बौरझिरडी, किरना, कंगारी खुहरीया, बेरसर, केंवटरा, सुगरा, मझगुनी, सिलपट्टी, तारीशिव, भुमिया और कांटा में 10-10 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्षों का निर्माण होगा।
इसके अलावा छछानपहरी, ओटगन, टण्डवा (केंद्र क्रमांक 1 एवं 2), तारीशिव और छपोरा में 15-15 लाख रुपये की लागत से नवीन आंगनबाड़ी भवन बनाए जाएंगे। खबरिया में आंगनबाड़ी भवन का जीर्णोद्धार, सिरवे में आंगनबाड़ी भवन के जीर्णोद्धार एवं शौचालय निर्माण, खपरीकला हाई स्कूल में आहाता निर्माण तथा सरारीडीह गौठान में आहाता निर्माण भी स्वीकृत किया गया है। साथ ही तुलसी मागरपुर में सीसी रोड, टण्डवा में सड़क निर्माण तथा सिरवे के पीएमश्री स्कूल में प्रवेश मार्ग का निर्माण भी कराया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गांवों में स्कूल भवन, अतिरिक्त कक्ष और आंगनबाड़ी भवनों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है, जिससे विद्यार्थियों, महिलाओं और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर ब्लॉक शिक्षा विभाग के विधायक प्रतिनिधि नरेंद्र शर्मा, राम पंजवानी, डॉ. लक्ष्मण साहू, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन, सभापति संतोष यदु, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सौरभ जैन, सुधांशु शर्मा, अमरजीत पासवान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मंत्री के सतत प्रयासों से तिल्दा विकासखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली है और शिक्षा, सड़क, आंगनबाड़ी सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।




