
तिल्दा-नेवरा/रायपुर।
भगवान शिव को समर्पित पवित्र सावन माह का शुभारंभ आज से हो रहा है। पूरे महीने शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, जलाभिषेक और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलेगा। सावन का महीना भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए सबसे पावन माना जाता है। इस दौरान श्रद्धालु व्रत रखकर शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और भांग अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना करेंगे।
सावन के पहले दिन से ही मंदिरों में सुबह से भक्तों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। कई शिव मंदिरों में विशेष सजावट की गई है, वहीं सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए स्थानीय प्रशासन एवं मंदिर समितियों ने भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन माह में भगवान शिव की श्रद्धापूर्वक पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख, शांति तथा समृद्धि का वास होता है। विशेष रूप से सावन के सोमवार का महत्व अधिक माना जाता है, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखकर भोलेनाथ का अभिषेक करते हैं।
सावन माह के दौरान कांवड़ यात्रा, भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया जाएगा। श्रद्धालुओं में इस पावन माह को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।




