रील बनाने को लेकर विवाद, पत्नी ने पति की जीभ काटी, आरोपी महिला गिरफ्तार

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घरेलू हिंसा की घटना सामने आई है। संजयपुरी कॉलोनी में एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की जीभ काट दी। यह मामला सोशल मीडिया रील्स बनाने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
रील बनाने में व्यस्त थी पत्नी, नहीं बना खाना
जानकारी के अनुसार, संजयपुरी कॉलोनी निवासी विपिन कुमार एक फैक्ट्री में काम करता है। उसकी शादी करीब छह महीने पहले मेरठ निवासी ईशा से हुई थी। विपिन की मां गीता देवी का आरोप है कि बहू सोशल मीडिया रील्स बनाने में अत्यधिक व्यस्त रहती थी, जिससे घर में अक्सर विवाद होता था।
सोमवार को ईशा ने दिनभर इंस्टाग्राम के लिए वीडियो बनाए और रात का खाना नहीं बनाया। शाम को काम से लौटे विपिन ने जब भोजन की बात कही तो दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इस दौरान विपिन ने ईशा को थप्पड़ मार दिया।
रात में फिर हुआ विवाद, जीभ काटने का आरोप
परिवार के अनुसार, विवाद शांत कराने के लिए बाहर से खाना मंगवाया गया, जिसके बाद दंपती अपने कमरे में सोने चले गए। देर रात खाना बनाने को लेकर दोबारा झगड़ा हुआ और इसी दौरान ईशा ने विपिन की जीभ काट ली।
जीभ कटने से गंभीर रूप से घायल विपिन खून से लथपथ हालत में दूसरे कमरे में पहुंचा, जहां उसकी मां सो रही थी। परिजन और पड़ोसियों ने उसे पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया।
पुलिस देर से पहुंचने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ईशा छत पर चली गई और सीढ़ियों का गेट बंद कर लिया। उसने अपने मायके वालों को बुलाया, जिन पर विपिन की मां के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है। इसके बाद कॉलोनी में तनाव फैल गया और लोगों ने दोनों पक्षों के साथ मारपीट की।
परिवार का दावा है कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे डायल-112 पर सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। पुलिस ने तब कार्रवाई की जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
दोनों पक्षों के आरोप
विपिन के परिवार का कहना है कि पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों पर अक्सर झगड़े होते थे। वहीं, पुलिस हिरासत में ईशा ने आरोप लगाया है कि उसका पति उसे नियमित रूप से पीटता था और खाने को लेकर हमेशा ताने देता था। उसने कहा कि लगातार मारपीट के कारण उसका सब्र टूट गया।
पुलिस कार्रवाई
एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि गीता देवी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




