CRIME NEWS: बलरामपुर/रामानुजगंज में शासकीय कार्रवाई पर हमला, 15 आरोपी गिरफ्तार
छात्रावास की भूमि से अतिक्रमण हटाने गई टीम पर लाठी-डंडों से हमला, दो घंटे तक घेराव और सड़क जाम

बलरामपुर/रामानुजगंज में बालक छात्रावास रामचंद्रपुर की शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान शासकीय कार्य में बाधा डालने, राजस्व अधिकारियों व कर्मचारियों से गाली-गलौज, धमकी देने और लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार तहसीलदार रामचंद्रपुर ने 11 दिसंबर 2025 को लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया कि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के आदेश के पालन में 9 दिसंबर 2025 को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी, इस दौरान तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी सहित राजस्व अमला और पुलिस बल मौके पर मौजूद था, तभी आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर अधिकारियों को धमकाया, गाली-गलौज की, लाठी-डंडों से मारपीट की, करीब दो घंटे तक घेराव कर सड़क जाम कर दिया और शासकीय कार्य में गंभीर व्यवधान उत्पन्न किया।
इस मामले में थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 54/2025 के तहत धारा 296, 351(3), 191(1), 221, 132 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था, घटना के बाद फरार चल रहे आरोपियों को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 9 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया।
पूछताछ और साक्ष्य संकलन के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





