Instagram Love Trap: झारखंड की महिला 1400 KM दूर आंध्र प्रदेश पहुंची, प्रेमी की सच्चाई जानकर उड़ गए होश
इंस्टाग्राम प्रेमी के झूठे दावों में फंसी महिला, पुलिस ने बचाया
दुमका (झारखंड)। Instagram Love Trap: झारखंड के दुमका जिले से सोशल मीडिया से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती एक महिला को उसके घर से करीब 1400 किलोमीटर दूर आंध्र प्रदेश तक ले गई। तीन बच्चों की मां ने सोशल मीडिया पर मिले युवक के झूठे दावों पर भरोसा कर अपने पति और बच्चों को छोड़ दिया, लेकिन मछलीपट्टनम पहुंचने के बाद उसे सच्चाई का पता चला।
जानकारी के अनुसार महिला के पति ने 12 जनवरी को सरैयाहाट थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए जांच शुरू की। जांच में महिला की लोकेशन आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के मछलीपट्टनम में मिली, जहां पुलिस टीम भेजकर उसे सुरक्षित बरामद किया गया।
पूछताछ में महिला ने बताया कि इंस्टाग्राम पर मिले युवक ने खुद को अमीर परिवार से बताया था और उसके साथ नया जीवन शुरू करने का सपना दिखाया, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि युवक दिहाड़ी मजदूर है और फूस की झोपड़ी में रहता है। सोशल मीडिया की चमक-दमक और हकीकत के बीच भारी अंतर देखकर महिला हैरान रह गई।
पुलिस के अनुसार महिला आंध्र प्रदेश में ही कपड़ा फैक्ट्री में काम करने का मन बना चुकी थी और लौटने में झिझक रही थी, लेकिन परिजनों और पुलिस की समझाइश के बाद वह घर लौटने को तैयार हुई।
सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि महिला को सकुशल घर पहुंचा दिया गया है और उसके पति ने भी उसे स्वीकार कर लिया है। महिला के दो बेटे (8 और 9 वर्ष) और एक चार साल की बेटी है, और फिलहाल वह अपने परिवार के साथ रह रही है। यह मामला इलाके में सोशल मीडिया पर अंधे भरोसे को लेकर गंभीर चेतावनी के रूप में चर्चा का विषय बना हुआ है।




