कोरिया में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, पोड़ी चौकी प्रभारी 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

कोरिया, छत्तीसगढ़।
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (सरगुजा एसीबी) की टीम ने पोड़ी चौकी प्रभारी एसआई अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि एसआई ने ग्राम कदम बहरा निवासी सत्येंद्र प्रजापति को एक मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद एसीबी ने प्राथमिक जांच की और आरोप की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई।
मंगलवार को शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 25 हजार रुपये देकर पोड़ी चौकी भेजा गया। जैसे ही आरोपी एसआई ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
कार्रवाई के दौरान चौकी में पदस्थ एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए अंबिकापुर स्थित एसीबी कार्यालय ले जाया जा रहा है।
मामले में विस्तृत जानकारी और आधिकारिक बयान जल्द जारी किए जाने की संभावना है।




