कवर्धा – शहर में प्रतिबंधित नशीली सामग्री के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए प्रमुख बाजारों, पान ठेलों और दुकानों में एक साथ सघन औचक जांच की। पुलिस टीम ने कई स्थानों से गोगो पेपर सहित अन्य प्रतिबंधित नशीली सामग्री जब्त करते हुए संबंधित संचालकों को सख्त चेतावनी दी कि दोबारा बिक्री पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह और अमित पटेल के मार्गदर्शन में डीएसपी कृष्णा चंद्राकर के नेतृत्व तथा थाना प्रभारी योगेश कश्यप की टीम द्वारा यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों और अस्थायी ठेलों की बारीकी से तलाशी ली गई तथा मौके पर ही प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे से दूर रखने और शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हालांकि शहर में नशे के खिलाफ कार्रवाई के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर नागरिकों में चिंता भी बनी हुई है। बीते दिवस कवर्धा मुख्यालय में एक युवक की हत्या की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं जैन मंदिर पचराही में दान पेटी तोड़कर लगभग दो लाख रुपये की चोरी की घटना में भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
शहरवासियों का कहना है कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ हत्या और चोरी जैसी गंभीर घटनाओं पर भी त्वरित कार्रवाई आवश्यक है, ताकि अपराधियों में कानून का भय बने और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



