बरहरवा (झारखंड) CRIME NEWS: झारखंड के बरहरवा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध प्रेम संबंध उजागर होने के डर से एक मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही 14 वर्षीय बेटे आयुष कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पास के पोखर किनारे फेंक दिया।
बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 7 फरवरी 2026 को ग्राम रतनपुर निवासी आयुष कुमार की हत्या की सूचना मिली थी, जिसके बाद पिता हेमंत कुमार साह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर मृतक की मां मीनू देवी (33) और उसका प्रेमी रोहित साहा (30), जो रिश्ते में महिला का भांजा लगता है, को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि पिछले दो वर्षों से उनके बीच अवैध संबंध थे और 7 फरवरी की रात करीब 9 बजे, जब आयुष के पिता घर पर नहीं थे, मीनू देवी ने रोहित साहा को घर के पीछे बुलाया था।
इसी दौरान आयुष ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया और इसका विरोध किया, जिसके बाद संबंध उजागर होने के डर से दोनों ने मिलकर बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव पोखर किनारे फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




