
रायगढ़ | विशेष रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर पुलिस ने दो महिला सहित तीन आरोपियों को 7 किलो से अधिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध नशा कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतरारोड़ एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास दो महिलाएं और एक पुरुष दो बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने टीम गठित कर उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ा और एनडीपीएस एक्ट की विधिवत प्रक्रिया के तहत तलाशी ली। तलाशी में कुल 7.110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 70,000 रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सोनी चौहान (35 वर्ष), सुमन यादव (30 वर्ष) और वासुदेव साहू (25 वर्ष) बताए। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे 19 फरवरी 2026 को उड़ीसा से गांजा खरीदकर लाए थे और बिक्री की तैयारी में थे।
पुलिस ने आरोपी वासुदेव साहू से 2,000 रुपये तथा सुमन यादव से 2,000 रुपये नगद भी जब्त किए हैं। तीनों के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 51/2026 के तहत धारा 20(B), 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
आज तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




