
महासमुंद | छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कनकेबा में होली के दिन लापता हुए 9 वर्षीय बालक का शव गुरुवार सुबह खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धनेश निषाद (9 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कक्षा दूसरी का छात्र था।
जानकारी के अनुसार धनेश निषाद बसना क्षेत्र के अपने मामा के गांव दूधीपाली में रहकर पढ़ाई करता था। होली का त्योहार मनाने वह अपने गांव कनकेबा आया हुआ था। ग्रामीणों के मुताबिक 4 मार्च को गांव में होली कार्यक्रम के दौरान दोपहर करीब 12 बजे के बाद वह अचानक लापता हो गया।
बच्चे के लापता होने की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने गांव व आसपास के खेत-खलिहानों में उसकी तलाश शुरू कर दी। मामला सोशल मीडिया में फैलने के बाद सरायपाली पुलिस भी हरकत में आई और डॉग स्क्वॉड की मदद से शाम करीब 4 बजे से रात 12 बजे तक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया।
गुरुवार सुबह बच्चे के घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में उसका शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सरायपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सरायपाली थाना प्रभारी टीआई नीतेश सिंह ने बताया कि बच्चे का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शव पर जानवरों द्वारा नोचे जाने के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर रही है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले के हर पहलू से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि जांच के तहत कई ग्रामीणों के मोबाइल भी जब्त कर जांच की जा रही है।




