
रायपुर, 28 फरवरी 2026।
जनसंपर्क विभाग में 36 वर्षों तक उल्लेखनीय सेवाएं देने के बाद अपर संचालक जवाहर लाल दरियो को सेवानिवृत्ति के अवसर पर नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में गरिमामय विदाई दी गई। समारोह में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई देते हुए उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल ने श्री दरियो की सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपर संचालक उमेश मिश्रा ने उनके साथ कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि अविभाजित मध्य प्रदेश के इंदौर से स्थानांतरण के दौरान श्री दरियो ने महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। संयुक्त संचालक संजीव तिवारी ने उनकी सरलता और कार्य के प्रति समर्पण को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम का संचालन अपर संचालक आलोक देव ने किया और श्री दरियो के जीवन एवं सेवाओं पर प्रकाश डाला।
अपने उद्बोधन में श्री दरियो ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




