
कबीरधाम। होली के जश्न के बीच जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर बिरकोना के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमर दीवान के रूप में हुई है, जो रायपुर में पढ़ाई करता था। बताया जा रहा है कि होली का त्योहार मनाने के लिए अमर अपनी बहन के साथ बाइक से रायपुर से अपने गांव बोड़तरा लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अमर दीवान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन चालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
होली के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।




