
तिल्दा नेवरा, –
ग्राम पंचायत बिनैका में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के सौजन्य से समता फाउंडेशन, एमजीएम हॉस्पिटल रायपुर एवं उपाध्याय हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ डॉक्टरों के सहयोग से नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।
इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के जरूरतमंद लोगों को सुलभ और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना था। शिविर में आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने नेत्र जांच, रक्त जांच, बीपी, शुगर एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया।
जांच के दौरान 3 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिन्हें रायपुर ले जाकर एमजीएम हॉस्पिटल में नि:शुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। ऑपरेशन हेतु आने-जाने एवं ठहरने की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की गई है।
इस अवसर पर कंपनी की सीएसआर हेड श्रीमती शीतल गोयल ने बताया कि संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड द्वारा ग्राम पंचायत बिनैका में सीएसआर मद से शाला में रंगमंच निर्माण, सड़क कांक्रीटीकरण तथा मंदिर के पास रंगमंच एवं कक्ष का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि संस्था समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों की सहायता करती रही है और आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा।
शिविर में नि:शुल्क दवाइयों एवं नजर के चश्मों का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में सरपंच मुकेश बंजारे, उपसरपंच कमलेश ध्रुव सहित पंचगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में कंपनी के एम.जी. के मूर्ति, सुचिता जैन, लक्ष्मी, राकेश कुमार निर्मलकर एवं जितेंद्र वर्मा का सराहनीय योगदान रहा।





