
रायपुर।
राजधानी रायपुर में लिफ्ट देने के बहाने एक ऑटो चालक द्वारा युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता 23 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे घर से निकली थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने थाना कबीर नगर में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस द्वारा की गई तलाश के दौरान 25 अप्रैल को पीड़िता को खोज लिया गया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रास्ता भटकने के बाद उसने यदुवंशी चौक, कबीर नगर के पास एक ऑटो चालक से घर छोड़ने के लिए मदद मांगी थी। आरोप है कि चालक ने घर छोड़ने का झांसा देकर युवती को एक सुनसान मकान में ले जाकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान टीम ने साक्ष्य जुटाकर आरोपी की पहचान की और घेराबंदी कर 25 अप्रैल को ऑटो चालक पंकज पांडे (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





