लापता लिपिक की सड़ी-गली लाश बरामद, हत्या की आशंका से दहशत
तालाब के पास मिली थी साइकिल, 13 अप्रैल से था लापता; हाथ बंधे मिलने से हत्या की आशंका

जांजगीर-चांपा।
जिले में लापता लिपिक की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। मामला मुलमुला थाना क्षेत्र के नरियरा गांव का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक रामकुमार निर्मलकर 13 अप्रैल को तालाब में नहाने के लिए घर से निकले थे। तालाब के पास उनकी साइकिल और कपड़े मिले थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने मुलमुला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस उनकी तलाश में जुटी ही थी कि 26 अप्रैल को उनकी सड़ी-गली लाश बरामद हुई। शव के दोनों हाथ रस्सी से बंधे होने के कारण हत्या की आशंका और गहरा गई है। मृतक भिलौनी गांव के स्कूल में लिपिक के पद पर कार्यरत थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।





