
नरहरपुर (कांकेर)।
उत्तर बस्तर कांकेर जिले के नरहरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मर्रामपानी (बावालारी) में शहीद प्रधान आरक्षक बिरेंद्र कुमार शोरी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में वीर जवान के शौर्य, साहस एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
शहीद प्रधान आरक्षक बिरेंद्र कुमार शोरी का जन्म 26 जून 1988 को ग्राम मर्रामपानी में हुआ था। वर्ष 2010 में पुलिस विभाग में आरक्षक पद पर भर्ती होकर उन्होंने निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। उत्कृष्ट कार्यशैली के चलते वे प्रधान आरक्षक पद तक पदोन्नत हुए और डीआरजी बल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे।
04 दिसंबर 2024 को नारायणपुर जिले के पांगुड़ (गारपा) क्षेत्र में एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ में उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
शहीद जवान की स्मृति को चिरस्थायी बनाने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने के उद्देश्य से ग्राम मर्रामपानी में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर शहीद के पिता श्री रामनारायण शोरी, माता श्रीमती बिंदु शोरी, पत्नी श्रीमती शीतल शोरी सहित परिवार के सदस्य भावुक होकर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आशा राम नेताम, सावित्री मंडावी, उप पुलिस अधीक्षक डीआरजी कांकेर श्री अविनाश ठाकुर, थाना प्रभारी श्री सोमेश सिंह बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी शामिल हुए। सभी ने परिवारजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
यह आयोजन क्षेत्र में शहीद जवान के प्रति सम्मान और गौरव का प्रतीक बनकर सामने आया, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं।





