
तिल्दा नेवरा:
तिल्दा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 21 में इसाई समुदाय के लिए बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन पार्षद रानी सौरभ जैन द्वारा किया गया। यह भवन विधायक निधि से स्वीकृत 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित होगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका के सभापति राजकुमार गेंडरे, संतोष यदु, डायोसिस ऑफ छत्तीसगढ़ की बिशप द राइट रेव्ह. सुषमा कुमार, सचिव नितिन लॉरेंस, पार्षद दिनेश साहू, भाजपा उपाध्यक्ष तिल्दा मंडल सौरभ जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लंबे समय से क्षेत्र के लोगों को सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान की आवश्यकता थी, जिसे अब इस भवन के निर्माण से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षद रानी जैन ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री टंकराम वर्मा से सामुदायिक भवन की मांग की गई थी, जिसे स्वीकार करते हुए उन्होंने 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि भवन के निर्माण के बाद यह सभी समाज के लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा और शादी-विवाह, बैठक एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए सुविधा प्रदान करेगा।
वहीं बिशप सुषमा कुमार ने विधायक एवं पार्षद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज से किया गया वादा पूरा किया गया है, जिसके लिए पूरा समुदाय आभारी है।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनीश ठाकुर, रेव्ह सुबोध कुमार, रेव्ह प्रमेंद्र सिंह, एम.डी. बेक, रेव्ह जितेन्द्र मसीह, रेव्ह वेसली वानी, डॉ. यू सुना, रेव्ह अमन वानी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।





