
तिल्दा-नेवरा।
आदिवासी ध्रुव गोंड समाज सासाहोली, तिल्दा के तत्वावधान में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता की शानदार झलक देखने को मिली।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर समाजजनों द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग और ग्रामवासी शामिल हुए। पारंपरिक परिधान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे क्षेत्र को आदिवासी संस्कृति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम के हृदय स्थल गांधी चौक में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज की गौरवशाली परंपराओं और लोक संस्कृति को जीवंत किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा ने समाजजनों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत देश की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने समाज की एकता, शिक्षा और विकास के साथ अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में झिरिया परिक्षेत्र अध्यक्ष मनीराम ध्रुव, शंकर लाल मंडाई, सभापति एवं वार्ड पार्षद ईश्वर यदु, सभापति विनोद नेताम, पार्षद प्रतिनिधि एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सौरभ जैन, राज पंच एवं पूर्व पार्षद प्रेम कुमार ध्रुव, पूर्व पार्षद जितेंद्र ध्रुव, शरद ध्रुव, भारत ध्रुव, गोपी ध्रुव, विजय ध्रुव सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने आदिवासी समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।




